सुरक्षा, सतर्कता, जनसेवा एवं रिफ्लेक्टर जैकेट पहनकर ड्यूटी के दिए निर्देश
रुद्रपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी करने के उद्देश्य से एसएसपी मणिकांत मिश्रा शुक्रवार रात कोतवाली रुद्रपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ किया।इस दौरान एसएसपी ने रात्रि गश्त, विभिन्न पिकेट ड्यूटी एवं ‘चीता मोबाइल’ में तैनात पुलिस बल से सीधे संवाद करते हुए ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से समझाया। रात्रि कालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि ड्यूटी के दौरान सभी पुलिसकर्मी पूर्ण रूप से सतर्क, मुस्तैद एवं अनुशासित रहें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को समय से अवगत कराना सुनिश्चित करें। यहां पर एसपी क्राईम निहारिका तोमर,सीओ सिटी प्रशांत कुमार, कोतवाल मनोज रतूड़ी एसएसआई अनिल जोशी समेत अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
रिफ्लेक्टर जैकेट पहनकर ड्यूटी करना अनिवार्य
रुद्रपुर। एसएसपी ने सड़क, चौराहों, रात्रि गश्त के दौरान तैनात पुलिस कर्मी अनिवार्य रूप से रिफ्लेक्टर जैकेट पहनकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि समय, कोहरे एवं कम दृश्यता की स्थिति में रिफ्लेक्टर जैकेट पुलिस कर्मियों की पहचान को स्पष्ट करती है तथा उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी सहायता—–
एसएसपी ने निर्देश दिए कि किसी भी आपात अथवा संकट की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने वाले प्रत्येक नागरिक को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सहायता प्रदान की जाए।
कड़ाके की ठंड में स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष ध्यान—-
एसएसपी ने वर्तमान में कड़ाके की ठंड एवं शीतलहर को ध्यान में रखते हुए पुलिस कर्मियों को स्वास्थ्य को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान गर्म वस्त्रों का प्रयोग करें तथा अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, ताकि वे शारीरिक रूप से सक्षम रहकर पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा कर सकें।
