एक अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता ने भी कराया मुंडन
रुद्रपुर।उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा को घेरने में जुटी हुई है। बुधवार शाम को रुद्रपुर में कांग्रेस नेता और व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के साथ ही एक कांग्रेस कार्यकर्ता अभिमन्यु साना ने मुंडन कराकर अंकिता हत्याकांड में सरकार की भूमिका पर सवाल उठाया। कांग्रेस कार्यकर्ता किच्छा बाईपास रोड संजयनगर खेड़ा के दुर्गा मंदिर में एकत्रित हुए। यहां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता हत्याकांड में शामिल भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान संजय जुनेजा और अभिमन्यु ने विधि विधान से पूजा अर्चना, हवन यज्ञ कर मुंडन कराया। इस दौरान संजय जुनेजा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले के वीआईपी के नाम का खुलासा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद सरकार अंकिता के परिजनो को न्याय दिलाने की बजाय भाजपा नेताओं को बचाने में लगी हुई है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई की भी जांच की मांग की। ताकि अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई हो सके।
