रुद्रपुर निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस के मुख्य चुनाव कार्यालय का नैनीताल रोड पर बालाजी सर्विस सेंटर के समीप पूजा अर्चना के साथ विधिवत फीता काटकर शुभारम्भ किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच हवन पूजन के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा, मेयर प्रत्याशी मोहन खेड़ा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर चुनाव कार्यालय का उदघाटन किया। इस दौरान सभी ने मेयर प्रत्याशी सहित वार्डों के कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए एकजुट होने का संकल्प लिया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर पूरे दमखम के साथ निकाय चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा की घटिया राजनीति का जवाब देने के लिए सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग चुनाव जीतने के लिए घटिया राजनीति पर उतर आये हैं हमारे कार्यकर्ताओं को धनबल और सत्ता के बल पर दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि पुलिस प्रशासन भी भाजपा नेताओं की कठपुतली बना हुआ है, कांग्रेस समय आने पर इसका हिसाब लेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के डर और बहकावे में कार्यकर्ता ना आयें। भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली है। जनता भाजपा की नीतियों को अच्छी तरह समझ चुकी है और इस बार कांग्रेस को जिताने का मन बना चुकी है।
मेयर प्रत्याशी मोहन खेड़ा ने कहा की घटिया राजनीति करके चुनाव जीतने की कोशिश करने वालों को जनता इस बार सबक सिखाने जा रही है। उन्होंने कहा कि वार्ड जैसे छोटे चुनाव में भी भाजपा के बड़े बड़े नेताओं द्वारा दखल दिया जाना इस बात को साबित करता है कि भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है। भाजपा नेताओं को हार का डर सता रहा है। नजूल भूमि के मुद्दे पर दशकों से भाजपा के लोग जनता को धोखा दे रहे हैं, हर चुनाव में जनता से झूठे वायदे करके चुनाव जीतना भाजपा की फितरत है, अब जनता इन्हें करारा सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है।