सिरौली कलां नगर पालिका और शीघ्र चुनाव कराने की मांग, सीएम के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा

रुद्रपुर/किच्छा। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में सिरौली कलां के हजारों की संख्या में एकत्रित लोगों ने जुलूस निकाल कर कांग्रेस विधायक पर सिरौली कलां के चुनाव में अवरोधक डालने का आरोप लगाया। सिरौली कलां के लोगों ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर सीएम को ज्ञापन भेजा है। इस दौरान पूर्व विधायक शुक्ला का आरोप है कि कांग्रेस विधायक के इशारे पर उच्च न्यायालय में रिट डालकर किच्छा एवं सिरौली कला में नगर निकाय के चुनाव में बार-बार अवरोध लगाया गया। जिससे किच्छा एवं सिरौली कला की जनता में नाराजगी है। जुलूस में शामिल लोग हाथों में तख्तियां लिए थे। उन्होंने सीएम से सिरौली कला को किच्छा से अलग रखकर चुनाव कराने की मांग की। पूर्व विधायक शुक्ला ने कहा कि उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने उनके अनुरोध पर सिरौली कला को किच्छा से अलग नगर पालिका का दर्जा दिया,परंतु मुसलमानों को अपना वोट बैंक समझने वाली कांग्रेस को यह रास नहीं आया। उन्होंने किच्छा नगर पालिका का चुनाव सिरौली कला के वोटो के सहारे जीतने के लिए सिरौली कला को अलग नगर पालिका बनाने का विरोध करते हुए माननीय उच्च न्यायालय में विधायक तिलक राज बेहड़ के खासम खास लोगों द्वारा रिट डालकर चुनाव उलझा दिया गया है।1 वर्ष से किच्छा नगर पालिका एवं लगभग 6 वर्षों से सिरौली कला का मामला कोर्ट में उलझाने से इन दोनों क्षेत्रों का विकास बाधित हो रहा है। करोड़ों रुपए की विकास योजनाओं से यह क्षेत्र वंचित है। कांग्रेस नेताओं में सिरौली कला के बिना किच्छा में चुनाव लड़ने का साहस नहीं है। वे सिरौली कला को अलग नगर पालिका मिलने पर दुखी हैं। उन्हें सिरौली का विकास नहीं सिर्फ वहां का वोट चाहिए।पूर्व प्रधान सिरौली कला नासिर खान ने कहा कि जब सिरौली कला किच्छा नगर पालिका का हिस्सा था तो इस क्षेत्र की उपेक्षा हुई तत्कालीन विधायक राजेश शुक्ला के प्रयासों से जब उत्तराखंड के सीएम धामी ने अलग नगर पालिका सिरौली को दी तो हमें उम्मीद लगी कि अब हमारी सिरौली कला के दिन बहुरेंगे, लेकिन कांग्रेस नेताओं की जिद के चलते यह मामला उच्च न्यायालय में लटका है जिससे सिरौली कला का नुकसान हो रहा है। सिरौली निवासी विधान मलिक, नाजिम मलिक आदि ने सभा का संबोधित करते हुए कहा कि धामी सरकार ने सिरौली कला को नगर पालिका बनाया तथा किच्छा एवं सिरौली कला के नगरी क्षेत्र में आबादियों को मालिकाना हक देने का काम शुरू किया है जो कांग्रेस को हजम नहीं हो रहा है उनकी कलई खुल चुकी है। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सीएम के नाम है। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
