ग्राउंड सर्वे में लिए त्वरित निर्णय, ट्रांजिट कैंप मोड़ पर कट होगा बंद
बाईपास मार्ग और खेड़ा में जल्द हटेगा अतिक्रमण
रूद्रपुर। किच्छा बाईपास, काशीपुर बाईपास और हाईवे पर अकसर लगने वाले जाम के झाम से शहर के लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से महापौर विकास शर्मा नगर निगम, पुलिस, यातायात पुलिस, सीपीयू की संयुक्त टीम के साथ स्वयं सड़कों पर उतरे। उन्होंने जाम के वास्तविक कारणों को समझने के लिए ग्राउंड पर विस्तृत सर्वे किया और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान जाम से निजात दिलाने के लिए कई त्वरित निर्णय लिए गए। जिनमें बाईपास मार्ग स्थित ट्रांजिट कैंप रोड मोड़ पर बने कट को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाना प्रमुख रहा। यहां अक्सर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
शहर में झील के पास ट्रांजिट कैंप मोड़, काशीपर बाईपास,डीडी चौक तथा इंदिरा चौक पर पिछले कुछ समय से जाम की समस्या लगातार जटिल होती जा रही थी। इसी को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, सीओ सिटी प्रशांत कुमार और सीपीयू की टीम के साथ ट्रांजिट कैंप मोड़ से लेकर डीडी चौक होते हुए इंदिरा चौक और डीडी चौक से गावा चौक तक जाम के कारणों का गहन सर्वे किया। निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि किच्छा बाईपास रोड पर ट्रांजिट कैंप मोड़ का कट जाम का बड़ा कारण बन रहा है। तुरंत बैरिकेटिंग लगाकर इस कट को बंद कर दिया गया। इसके साथ ही शॉपर स्ट्रीट मॉल के पास बने छोटे कट को भी बंद करने का निर्णय लिया गया। सर्वे के दौरान जाम के अन्य स्पॉट भी चिन्हित किए गए और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।महापौर ने कहा कि शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए लगातार और सुनियोजित प्रयास किए जा रहे हैं। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर उन्होंने एसएसपी मणिकांत मिश्रा से भी विस्तार से वार्ता की थी।फिलहाल ट्रायल के तौर पर कुछ कट बंद किए गए हैं और यदि एक सप्ताह में यह प्रयोग सफल रहता है तो इन व्यवस्थाओं को स्थायी रूप दिया जाएगा। ट्रांजिट कैंप मोड़ पर कट बंद होने से लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।झील परिसर में लगने वाले बाजार को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। झील के बाहर सड़क पर वाहनों के खड़े होने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने झील प्रबंधन को स्पष्ट हिदायत दी है कि व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त की जाएं।
महापौर की झील प्रबंधक को चेतावनी —–
महापौर ने झील में लगने वाले बाजार के कारण यदि जाम की स्थिति बनी तो बाजार की अनुमति निरस्त कर दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि वह शहर को सुंदर बनाने में निर्णय लेने में पीछे नहीं हटेंगे।
खेड़ा मुख्य मार्ग से भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होगी ——–
महापौर ने बताया कि खेड़ा मुख्य मार्ग से भी शीघ्र नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। काशीपुर बाईपास मार्ग के चौड़ीकरण में अभी समय लग सकता है, लेकिन फिलहाल वहां से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके। इसके साथ ही काशीपुर बाईपास रोड पर इंदिरा कॉलोनी मोड़ के कट को भी फिलहाल बंद किया जाएगा। महापौर ने भरोसा दिलाया कि शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर शीघ्र ही जाम की समस्या से निजात दिलाई जाएगी।
हाईवे चौड़ीकरण का कार्य तेज हुआ—–
महापौर ने कहा कि हाईवे के चौड़ीकरण का कार्य अब तेज हो गया है। बिजली के पोल हटाने में हो रही देरी और वन विभाग से कुछ पेड़ों को काटने की अनुमति न मिलने के कारण कार्य प्रभावित था, लेकिन अब सभी आवश्यक अनुमतियां मिल चुकी हैं। इसके चलते चौड़ीकरण का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है और शीघ्र ही हाईवे पर लगने वाला जाम भी समाप्त होगा। इसके बाद डीडी चौक से पीएसी गेट तक लगने वाले जाम से निपटने के लिए भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने कहा कि शहरवासियों ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसके निर्वहन में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
इंदिरा चौक से डीडी चौक कार्य होने पर जाम की स्थिति—-
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने कहा कि डीडी चौक और इंदिरा चौक शहर के प्रमुख चौराहे हैं, जहां वाहनों का दबाव अत्यधिक रहता है। वर्तमान में चौराहों और सड़क पर कार्य चल रहा है, जिसके कारण जाम की समस्या बढ़ी है। आने वाले दिनों में कार्य पूर्ण होने के बाद यहां जाम की स्थिति नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि आज कुछ नए स्पॉट चिन्हित कर वहां नई व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, जिससे भी यातायात सुचारु होगा। सीओ ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि लोग यातायात नियमों का पालन करें।

