पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर। कोतवाली रुद्रपुर की चौकी बगवाडा क्षेत्र में दुकान पर बैठी महिला से गाली गलौज करते हुए मारपीट, विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ने का मामला प्रकाश में आया। पुलिस ने मौके पर पहुंच जानकारी ली और पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मलसी निवासी माया ने पुलिस को बताया कि उसकी दुकान घर के सामने मलसी में स्थित है।जिसमें 5-7 दिन में जो भी कचरा इकटठा होता है, उसे जला दिया जाता है। पीड़िता के मुताबिक 17 जनवरी 2026 को करीब 9.30 बजे रात दुकान पर बैठी थी। इसी बीच पड़ोस में रहने वाली किरन पत्नी पप्पू, विद्या पत्नी बेचई राम कूड़े को लेकर गाली गलौच करने लगी।इसका विरोध किया तो उक्त किरन,विद्या,सन्नी,मिट्टू पुत्र बेचई राम आ गये। आरोप है कि उक्त लोगों ने अभद्रता करते हुए मारपीट पर उतारू हो गये और कपड़े फाड़ दिये। शोर शराबा सुनकर उसकी बहू, पुत्र आ गये और लोगों से बचाया। बाद में धमकी देते हुए भाग गए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके हाथ, पैरों एवं सिर में चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया।
