अग्निशमक यंत्रों का लाइव प्रदर्शन कर प्रतिभागियों से अभ्यास भी कराया
रुद्रपुर। मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित फायर सेफ्टी प्रशिक्षण का शुभारंभ एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि इसका मकसद कार्यस्थलों पर आगजनी की घटनाओं को रोकना, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा कार्मिकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाना है। इसके बाद सिडकुल की अलग अलग इकाइयों, होटल, रेस्टोरेंट समेत अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से आए 74 कार्मिकों को फायर कर्मियों ने आग से सुरक्षा का प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों को आग लगने के कारणों, आग के प्रकारों तथा प्रारंभिक स्तर पर आग पर नियंत्रण के उपायों की सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। इसके अलावा फायर विभाग ने प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमक यंत्रों का लाइव प्रदर्शन कर प्रतिभागियों से अभ्यास भी कराया गया। ताकि आपात स्थिति में वह बिना घबराहट के अग्निशमन उपकरणों का प्रयोग कर सकें। कार्यक्रम में आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी, आपातकालीन निकास मार्गों का उपयोग, भीड़ प्रबंधन, घायलों को प्राथमिक उपचार तथा कार्यस्थल पर समन्वय बनाए रखते हुए स्थिति को नियंत्रित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विशेष जोर दिया गया। इस मौके पर एसपी क्राइम निहारिका तोमर, सीएफओ इशान कटारिया, एसपी सिटी डॉ उत्तम सिंह नेगी, सीओ सिटी प्रशांत कुमार,सीओ पंतनगर डीआर वर्मा समेत तमाम लोग मौजूद थे।



