आईना दिखाते हुए शुक्ला बोले इसमें देखोगे तो घटना का आका नजर आएगा, सौरभ बेहड़ का नार्को टेस्ट करवाने की भी प्रशासन से मांग की
रुद्रपुर। किच्छा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे राजेश शुक्ला ने वर्तमान कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ पर निशाना साधते हुए झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रशासन से सौरभ बेहड़ का नार्को टेस्ट करवाने की मांग की। पूर्व विधायक शुक्ला ने अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता के कहा कि बेहड़ के पार्षद पुत्र सौरभ के ऊपर तथाकथित हमला होने के बाद वह इशारों-इशारों में शुक्ला परिवार की संलिप्त्ता की आशंका जता रहे थे। इस मामले में पहली बार पुलिस टीम शुक्ला के आवास जांच पड़ताल के लिए आईं। जिससे स्वतंत्रता सेनानी के परिवार से होने के कारण उनके स्वाभिमान को काफी ठेस पहुंची है। शुक्ला ने आरोप लगाया कि पुत्र से फर्जी मारपीट मामले का बहाना बनाकर विधायक बेहड़ ने तीन दिन तक राज्य सरकार,पुलिस प्रशासन व भाजपा नेताओं को कटघरे में खड़ा किया। लेकिन पुलिस के खुलासे के बाद उनकी झूठ की कलई खुल गई। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक की कारगुजारियों के उजागर होने के बाद उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाए। अन्यथा कांग्रेस की छवि पर इसी प्रकार बट्टा लगता रहेगा। पूर्व विधायक शुक्ला ने बेहड़ पर तंज कसते हुए कहा कि पुत्र से मारपीट मामले के खुलासे से पहले वे दहाड़-दहाड़ कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ ही उनके आकाओं के नाम उजागर करने की चेतावनी पुलिस को दे रहे थे, लेकिन अब जब उक्त मारपीट का मामला फर्जी निकला और उनका अपना पुत्र ही मुख्य साजिशकर्ता निकला तो साफ हो गया है, बेहड़ ही मामले में मुख्य षड्यंत्रकर्ता है। शुक्ला ने अपने पास रखा एक आइना मीडिया कर्मियों को दिखाते हुए कहा कि बेहड़ अगर शीशे में झांकेंगे तो उन्हें पता चलेगा कि जिस आका के नाम का उजागर करने की मांग वो पुलिस प्रशासन से कर रहे थे, दरअसल आका तो वह खुद ही हैं। शुक्ला ने बेहड़ पर उनकी व शुक्ला परिवार की छवि किच्छा विधानसभा क्षेत्र में खराब करने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया। पूर्व विधायक शुक्ला ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि विधायक बेहड़ के पुत्र और खुद के साथ मारपीट मामले के मुख्य साजिशकर्ता सौरभ बेहड़ का नार्को टेस्ट करवाया जाये।ताकि कई उलझे सवालों का उत्तर जनता जान सके। इस दौरान दिनेश शुक्ला,राधेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
