दो अन्य ने भी खरीदे पर्चा,150 से अधिक पार्षदों के नामांकन बिके
रुद्रपुर। शहर की सरकार के गठन के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नगर निगम और नगर पंचायत लालपुर में अध्यक्ष और सदस्यों के लिए एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ है। नगर निगम के लिए दो और पार्षद के लिए 150 नामांकन फार्म बिके। वहीं भाजपा नेता तरुण दत्ता के नामांकन पत्र खरीद लिया है। दत्ता के नामांकन पत्र खरीदने को लेकर पार्टी में हलचल मच गई। वहीं दूसरी ओर नगर पंचायत लालपुर में अध्यक्ष के लिए दो और वार्ड सदस्य के लिए आठ नामांकन पत्र खरीदे गए। शुक्रवार की सुबह 10 बजे कलक्ट्रेट परिसर में एसडीएम, एडीएम नजूल और तहसील न्यायालय परिसर में नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। बड़ी संख्या में वार्ड सदस्य और पार्षद के दावेदार परिसर में पहुंच गए। नामांकन प्रक्रिया को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। नामांकन कक्ष के पास बनाए गए काउंटर पर राजस्व कर्मी नामांकन पत्र की रसीद काटने में जुटे रहे। रसीद कटाने के लिए दावेदार कतारों में खड़े नजर आए। रसीद कटवाने के बाद दावेदारों ने अलग-अलग पदों के लिए आरओ कक्ष में जाकर नामांकन पत्र लिया। तहसीलदार न्यायालय में नियुक्त आरओ त्रिलोक सिंह मर्तोलिया से मेयर, एसडीएम न्यायालय में नियुक्त आरओ मनीष बिष्ट से पार्षद और एडीएम नजूल न्यायालय में आरओ सुशील कुमार से नगर पंचायत लालपुर के अध्यक्ष व सदस्य के दावेदारों ने नामांकन पत्र लिया। नगर निगम रुद्रपुर में मेयर के लिए कल्याण सिंह और भाजपा नेता तरूण दत्ता ने नामांकन पत्र लिया। पार्षद पद के लिए 150 नामांकन फार्म बिके। लालपुर नगर पंचायत में अध्यक्ष के लिए अजीम मलिक व शाहाना बानो ने दो-दो फार्म खरीदे। इसके अलावा सदस्य के लिए आठ लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। इधर भाजपा नेता दत्ता से फोन पर बात करने के लिए संपर्क किया गया तो उसने संपर्क नहीं हो सका और ना ही जिला अध्यक्ष कमल जिंदल से भी बात नहीं हो सकी। भाजपा नेता दत्ता के नामांकन पत्र खरीदने को लेकर पार्टी में हलचल सी मच गई है। शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।