माल गोदाम के पास नाले में मिला अज्ञात शव,सनसनी फैली

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नाले से बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा, शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस

रूद्रपुर। काशीपुर रोड से रेलवे माल गोदाम रोड पर सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने एक नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ देखा। नाले में शव मिलने की खबर क्षेत्र में फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों से जानकारी ली। इसके बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने की कोशिशों में जुटी है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह जब लोग रेलवे मालगोदाम मार्ग से गुजर रहे थे। लोगों की नजर नाले की तरफ गई तो उसमें शव पड़ा दिखाई दिया। मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची । पुलिस को शव निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। तब जाकर शव को नाले से बाहर निकाला। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया,लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव पंचनामा की कार्रवाई करने के बाद पोस्टमार्टम भिजवा दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी जा रही है। पुलिस के मुताबिक शव कुछ दिन पुराना लग रहा है और कीचड़ में पूरी तरह सना हुआ था। शव के गलने और काफी समय से पानी में रहने के कारण उससे दुर्गंध भी आ रही थी।पुलिस ने घटना के संबंध में आसपास के सभी थाना क्षेत्रें और जनपदों को सूचना दी है। ताकि गुमशुदा लोगों के रिकॉर्ड से मृतक का मिलान किया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है, कहीं सड़क हादसा तो नहीं हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *