साईबर ठगों ने एक व्यक्ति का मोबाइल हैक कर, लाखों रुपये का लोन स्वीकृत कराया

साईबर क्राईम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की

रूद्रपुर। साईबर ठगों ने एक व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर उसके नाम पर लाखों रुपये का लोन स्वीकृत कराया और फिर खाते से पांच लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित की तहरीर पर साईबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली ट्रांजिट कैंप के वार्ड नंबर एक लमरा शिमला बहादुर निवासी कौशल गंगवार पुत्र खरसेन गंगवार ने पुलिस को दी तहरीर दी। उन्होंने बताया कि बीती तीन जनवरी की दोपहर वह अपने घर पर था। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर बैंक का संदेश मिला। जिसे देख उसके होश उड़ गए। पीड़ित के मुताबिक उसके एचडीएफसी बैंक खाते में छह लाख अठारह हजार रुपये का ऋण स्वीकृत कर जमा किया गया था। बताया कि उसने किसी भी प्रकार के लोन के लिए आवेदन नहीं किया था। हैरानी की बात यह रही कि इसके कुछ ही देर बाद दो अलग-अलग मैसेज के माध्यम से उसके खाते से एक लाख और चार लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। पीड़ित तत्काल बैंक शाखा पहुंचा। वहां पर उसे पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके मोबाइल फोन पर संदिग्ध एपीके फाइल भेजकर फोन हैक किया गया था। हैकर ने फोन का नियंत्रण अपने हाथ में लेकर बैंक एप के जरिए फर्जी लोन स्वीकृत कराया। कुल पांच लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की। पीड़ित ने तत्काल अपने सभी बैंक खाते और डिजिटल सेवाएं ब्लॉक करवाईं और साईबर क्राईम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखता है और इस बड़ी धोठाधड़ी से उसे भारी मानसिक व आर्थिक क्षति पहुंची है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात साईबर अपराधियों के विरुद्ध कंप्यूटर संसाधनों के दुरुपयोग और धोखाधड़ी का मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब उन ट्रांजैक्शन की कड़ियों को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *