सीएम धामी बोले भाजपा राष्ट्रहित, सांस्कृतिक मूल्यों एवं अंत्योदय के सिद्धांत पर आधारित राजनीति करने वाली विश्व की सबसे बड़ी पार्टी
रुद्रपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नितिन नवीन को यह महत्वपूर्ण दायित्व मिलना उनके संगठनात्मक कौशल, सतत परिश्रम एवं पार्टी के प्रति निष्ठा का प्रतीक है। सीएम धामी ने कहा कि नितिन नवीन एक अनुभवी, कर्मठ एवं दूरदर्शी नेता हैं, जिनके कुशल नेतृत्व में भाजपा संगठन नई ऊँचाइयों को छुएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी देशभर में संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगी तथा सेवा, सुशासन और विकास के अपने संकल्प को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, सांस्कृतिक मूल्यों एवं अंत्योदय के सिद्धांत पर आधारित राजनीति करने वाली विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी संगठन नई ऊर्जा, नई दिशा और नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में संगठन और अधिक सशक्त भूमिका निभाएगा। सीएम धामी ने कहा कि नितिन नवीन के नेतृत्व में युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता और बढ़ेगी तथा पार्टी का जनाधार और अधिक विस्तृत होगा। उन्होंने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष के सफल, प्रभावशाली एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की कामना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
