रूद्रपुर। भूतबंगला रामलीला मैदान में विश्व हिन्दू परिषद,रुद्रपुर प्रखंड का आयोजित स्थापना दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विचार गोष्ठी के साथ सम्पन्न हुआ। इस दौरान बढ़ते महिला अपराधों सहित समाज की कई ज्वलंत समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित करके किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज्ञान चंद ने अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़े समुदाय के लोगों में हो रहे धर्मांतरण पर प्रकाश डाला। साथ ही कड़े शब्दों में इसकी आलोचना की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय प्रन्यासी मंडल के सदस्य स्नेह पाल ने विश्व हिन्दू परिषद की स्थापना एवं संगठन के देश एवं विदेश में किए जा रहे हिन्दू जागरण के कार्यों का व्याख्यान किया। संत वक्ता मनकामेश्वर कल्याण आश्रम के महंत स्वामी नारायण चैतन्य जी महाराज ने आधुनिक समय में धर्म की रक्षा एवं प्रसार पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में महिला वक्ता के रूप में मौजूद नारायण अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर की प्रतिष्ठित डॉ सोनिया अदलखा ने अहिल्याबाई होल्कर,रानी दुर्गावती का उदाहरण देते हुए महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज हम इक्कीसवी में खड़े हैं,लेकिन महिलाओं की सुरक्षा आज चिंताजनक है। जगह जगह बलात्कार हो रहे हैं महिलाओं के साथ हिंसा हो रही है। महिलाएं स्वतंत्र हैं इतने अधिकार मिले हुए हैं लेकिन महिलाएं अपनी शक्ति को नहीं पहचान रही है। उन्होंने कहा कि सिर्फ सरकार के भरोसे रहकर कुछ नहीं होगा। सरकार क्या करेगी सरकार एक और कानून बना देगी। जितने कानून मजबूत बन रहे हैं, उतने ही अपराधी भी मजबूत हो रहे हैं। पहले महिलाओं के साथ सिर्फ रेप होते थे अब रेप के साथ मर्डर भी हो रहे हैं, यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में रेप और हत्या के बाद महिलाओं की लाशें भी नहीं मिलेेगी। इन घटनाओं को रोकने के लिए हमें बेटियों को मजबूत करने की जरूरत है। स्कूल स्तर से ही बेटियों को प्रशिक्षण मिलना चाहिए। बेटियों को सिखाना होगा कि घर से बाहर वह अपनी सुरक्षा कैसे करें।आज जरूरत है कि स्कूलों में इस ट्रेनिंग को अनिवार्य कर देना चाहिए। भारत जैसे देश की इतनी बड़ी आबादी में हर महिला को बॉर्डी गार्ड देना संभव नहीं है। बेटियों को खुद मजूबत बनना होगा यही महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक मात्र समाधान है। आज हमें हर घर में झांसी की रानी तैयार करने की जरूरत है। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि हर शहर में ऐसे ट्रेनिंग सेंटर खोले जायें जहां बेटियों को आत्म रक्षा के लिए प्रशिक्षित किया जाये।
प्रखंड अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह ने वर्ष भर में विश्व हिन्दू परिषद रुद्रपुर प्रखंड की टीम के आयोजित किए गए कार्यक्रमों का ब्यौरा किया। मंच पर विश्व हिन्दू परिषद जिला अध्यक्ष रविन्द्र पाल भी उपस्थित रहे। सामुहिक हनुमान चालीसा एवं भारत माता की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम संयोजक हिन्दू वादी नेता बिट्टू शर्मा एवं सह जिला गौ रक्षा प्रमुख गौरव मिश्रा रहे। अंत में बिट्टू शर्मा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का सफल संचालन जिला उपाध्यक्ष शैली बंसल एवं जिला मंत्री राजेंद्र मेहरा ने किया।
कार्यक्रम में जिला धर्म प्रसार प्रमुख विषपेंद्र सिंह,जिला सेवा प्रमुख शिवशंकर गुप्ता,जिला मठ मंदिर प्रमुख भुवन जोशी, जिला विधि प्रकोष्ठ प्रमुख जुगल गोस्वामी,जिला मातृ शक्ति संयोजिका अर्चना सिंह,प्रखंड मंत्री सुदेव दास,बजरंग दल प्रखंड संयोजक आदित्य,प्रखंड धर्म प्रसार प्रमुख अजय पाल,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक अशोक जायसवाल, जिला कार्यवाह समर पाल सिंह, जिला प्रचारक जितेन्द्र, उप सह नगर कार्यवाह रमेश जोशी आदि मौजूद रहे।