पुलिस कर्मियों पर एससी मोर्चा के महामंत्री के साथ मारपीट का आरोप
एसपी सिटी और एएसपी पहुंचे थाने,कार्रवाई का आश्वासन
रुद्रपुर। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ट्रांजिट कैंप थाने में तैनात दो पुलिस कर्मियों पर भाजपा एससी मोर्चा के महामंत्री के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए थाना गेट पर प्रदर्शन कर धरने पर बैठ गए। कार्रवाई न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। बाद में मौके पर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और एएसपी निहारिका तोमर पहुंचे । एसपी सिटी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर भाजपाइयों ने धरना समाप्त कर दिया। रविवार शाम को भाजपा नगर अध्यक्ष धीरेश गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता ट्रांजिट कैंप थाने पहुंचे और गेट पर प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि शनिवार रात को भाजपा एससी मोर्चा के महामंत्री अपने घर के बाहर फोन पर बात कर रहे थे। इसी बीच 112 की सूचना पर वहां पहुंचे दो पुलिस कर्मियों ने उनसे अभद्रता की और घसीटते हुए मारपीट की। जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी है। बताया कि बीते दिनों विधायक शिव अरोरा थाने पहुंचे थे, तब से ट्रांजिट कैंप पुलिस उनके साथ आए भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है। भाजपा की सरकार होने के बाद भी कार्यकर्ता धरना दे रहे हैं, पार्टी कार्यकर्ता पहले है। चेतावनी दी कि जब तक आरोपित पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती है। उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। सूचना पर एसपी सिटी मनोज कत्याल भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। मंडल अध्यक्ष का कहना था कि थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है। बाद में एसपी सिटी के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया और चेतावनी दी कि अगर पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा।
इंसेट
भाजपा कार्यकर्ता ने पुलिस कर्मियों के खिलाफ दी तहरीर
रुद्रपुर। एससी मोर्चा के मंडल महामंत्री आंनद सागर की ओर से पुलिस को आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर सौंपी है। तहरीर में पुलिस कर्मियों पर अभद्रता कर मारपीट का आरोप लगाया। पीड़ित ने घटना की फुटेज भी पुलिस को दी है।
