रुद्रपुर। गुरुवार दोपहर कुमाऊं मंडल की नवनियुक्त आईजी रिद्धिम अग्रवाल पहली बार एसएसपी कार्यालय पहुंची। यहां पर आईजी ने जिले पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन की विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की और उत्तराखंड को ड्रग्स मुक्त बनाने को लेकर अहम चर्चा की। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों के लिए उत्तराखंड में कोई जगह नहीं है। इस दौरान पुलिस ने बहुचर्चित बाबा तरसेम सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी शूटर सरबजीत सिंह को तरनतारन, पंजाब से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जब उधम सिंह नगर लाया जा रहा था, तो रास्ते में पुलिस वाहन का टायर फट गया। जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेर लिया। भागने की कोशिश में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। इसके ऊपर दो लाख का इनाम था। आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि उत्तराखंड में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा नशा तस्कर अपना अवैध धंधा बंद कर दें, वरना उन्हें भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए हरसंभव कार्रवाई की जाए। इस दौरान एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एसपी सिटी डॉ उत्तम सिंह नेगी, एसपी क्राइम निहारिका तोमर, एसपी काशीपुर अभय सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
