बागवाला ग्राम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्य
रूद्रपुर। बागवाला ग्राम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्य स्थल से करीब चालीस लाख कीमत का स्टील और एल्युमिनियम का स्क्रैप मैटेरियल चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। इस गंभीर प्रकरण में पुलिस ने धोखाधड़ी और चोरी के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक विकास प्राधिकरण द्वारा अनुबंध के तहत मंसर्स अभिलाषा इंटरप्राइजेज को निर्माण कार्य कराया जा रहा था। कंपनी के एचआर शिवमनी कुमार ने बताया कि ठेकेदार शंकर आयरन स्टील ट्रेडर्स और उनके साथियों ने निर्माण स्थल पर लगे सरकारी वेट ब्रिज (वजन मापने वाले कांटे) में छेड़छाड़ की। इस छेड़छाड़ के जरिए लगभग 40 लाख रुपये मूल्य का स्टील और एल्युमिनियम मैटेरियल चोरी कर लिया गया। शिवमनी कुमार ने बताया कि चोरी के दौरान आठ गाड़ी स्टील और चार गाड़ी एल्युमिनियम मैटेरियल ले जाया गया। एक गाड़ी वाहन संख्या यूपी-13डीटी 7889 पकड़ी गई, लेकिन ड्राइवर भाग गया।वाहन को कंपनी ने अपने कब्जे में ले लिया है। कंपनी का दावा है कि इस घोटाले में ठेकेदार और उसके कर्मचारी सीधे शामिल हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि वेट ब्रिज पर वजन करने पर भारी अंतर (2-5 से 3 टन तक का वैरिएशन) पाया गया, जिससे चोरी की पुष्टि होती है।पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्रतारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। इस मामले ने निर्माण कार्य की निगरानी, सरकारी परियोजनाओं में पारदर्शिता और ठेकेदारों की जवाबदेही को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में लगी है।
