पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा की तहरीर पर कार्रवाई,ठुकराल पर मीना शर्मा पर अश्लील बातें करने का आरोप,एक वर्ष पहले का है अश्लील ऑडियो
रुद्रपुर। पूर्व पालिकाध्यक्षा एवं उत्तराखंड महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीना शर्मा तमाम महिलाओं के साथ पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंची। उन्होंने प्रदर्शन किया। ठुकराल पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगा कार्रवाई की मांग की। इधर पुलिस ने ठुकराल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। सिविल लाइंस निवासी पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ने सौंपी तहरीर में कहा है कि वर्ष, 2022 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी के चुनाव निशान पर रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। वर्तमान में वह उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष है। कुछ आपराधिक और नकारात्मक विचारधारा के लोग षड़यंत्र के तहत उनका और परिवार की राजनैतिक और सामाजिक छवि को धूमिल करने का प्रयास करते आए है। एलाइंस कालोनी निवासी पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल अपने बड़-बोलेपन पर महिलाओं और राजनीतिक प्रतिष्ठित लोगों के विरुद्ध आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते रहते है। 11 जनवरी 2024 को इंटरनेट मीडिया में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और उनके साथियों का आपसी वार्तालाप का आडियो वायरल हुआ था। आडियो में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल उनके चरित्र पर अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए लांछन लगाया, साथ ही उनके पति के विरुद्ध भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। इससे वह और उनके पति सदमे में है। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस ने पूर्व विधायक पर बीएनएस की धारा 352 और 79 के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है।
