पुलिस से आरोपी को छुड़ा कर भाग गए हमलावर,पथराव में हेड कांस्टेबल भुवन पांडे सिर पर ईंट लगने से लहूलुहान, अस्पताल में भर्ती
रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र सुभाष कालोनी में एक घर से नशे की तस्करी की सूचना पर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मौके पर पहुंची तो वहां पर टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में टीम में शामिल हेड कांस्टेबल भुवन पांडे के सिर पर ईंट लग गई और वह लहूलुहान हो गए। सूचना पर पुलिस फोर्स पहुंची। पुलिस ने घायल पुलिस कर्मी को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई। पुलिस के मुताबिक चौकी बाजार क्षेत्र सुभाष कालोनी में रविवार शाम को पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली कि वहां पर एक घर से स्मैक की तस्करी की जा रही है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स वहां पहुंच गई। इस दौरान पुलिस ने भागने का प्रयास कर रहे एक आरोपी को दबोच लिया, साथ ही उसे पकड़कर कोतवाली ले जा रही थी। युवक को ले जाते देख घर में मौजूद पुरुष और महिलाओं ने घर के बाहर ही उनका रास्ता रोक लिया और दोमंजिले मकान की छत से कुर्सी और ईंट तथा पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। पथराव से हेड कांस्टेबल भुवन पांडे घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुछ हमलावर पुलिस कर्मियों से जबरन पकड़े गए आरोपी को छुड़ाकर फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को मिली तो कोतवाली से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। मामले की जानकारी ली और घायल पुलिस कर्मी भुवन पांडे को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। साथ ही पुलिस ने आरोपियों की घर की तलाशी ली तो वहां पर एक महिला और बच्चे के अलावा कोई नहीं मिला। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल मामले में कार्रवाई नहीं हो सकी है।

