जनपद पुलिस अलर्ट मोड पर,शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई,वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
महिला सुरक्षा,सोशल मीडिया मॉनिटरिंग
रुद्रपुर। एसएसपी अजय गणपति ने आगामी होलिका दहन एवं होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए राजपत्रित अधिकारियों,प्रभारी निरीक्षकों, थाना प्रभारियों,चौकी प्रभारियों, निरीक्षक एलआईयू के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से विस्तृत समीक्षा गोष्ठी आयोजित की।इस दौरान एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पर्व की आड़ में कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि ऑपरेशन क्लीन स्वीप” रहेगा प्रभावी रहेगा। जनपद में संचालित “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” को और अधिक प्रभावी बनाते हुए हिस्ट्रीशीटरों वांछित अपराधियों पर कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस
एसएसपी ने जनपद के चिन्हित संवेदनशील स्थलों एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, लगातार गश्त बढ़ाने,फ्लैग मार्च आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय स्तर पर खुफिया तंत्र को सक्रिय रखते हुए प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने के भी निर्देश दिए हैं।
कच्ची शराब के विरुद्ध विशेष अभियान
अवैध कच्ची शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु जनपद में 7 दिवस का विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश देकर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पीस कमेटी बैठकें — सामाजिक समन्वय पर जोर
एसएसपी ने पूर्व वर्षों में होली के दौरान उत्पन्न हुई समस्याओं की समीक्षा करते हुए प्रत्येक थाना,कोतवाली क्षेत्र में पीस कमेटी की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गणमान्य नागरिकों, धार्मिक प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
रात्रि 10 बजे के बाद डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित*
एसएसपी ने कहा कि रात्रि 10 बजे के बाद डीजे संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों में भड़काऊ अथवा अशोभनीय गीतों के प्रसारण पर सख्त रोक लगाई जाएगी। उल्लंघन पाए जाने पर उपकरण जब्ती एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सत्यापन अभियान एवं बॉर्डर चेकिंग जारी
मुख्यालय स्तर से संचालित असामाजिक तत्वों, बाहरी व्यक्तियों एवं संदिग्धों के विरुद्ध सत्यापन अभियान निरंतर जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एल्कोमीटर चेकिंग व यातायात व्यवस्था सुदृढ़
एसएसपी ने बताया कि होली पर्व के दौरान एल्कोमीटर के माध्यम से सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। प्रमुख चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
होली के दौरान महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार,जबरन रंग लगाने,छेड़छाड़ अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिला हेल्पलाइन एवं पुलिस टीमों को विशेष रूप से अलर्ट रहने को कहा गया।
बड़े आयोजनों में सुरक्षा के विशेष प्रबंध
जनपद में आयोजित होली मिलन कार्यक्रमों एवं बड़े आयोजनों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी मॉनिटरिंग एवं भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
वीडियोग्राफी टीम एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग
प्रत्येक थाना क्षेत्र में वीडियोग्राफी टीम नियुक्त की जाएगी जो होली उत्सव के दौरान रिकॉर्डिंग करेगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैलने वाली अफवाहों एवं भ्रामक पोस्टों पर सतत निगरानी रखते हुए दोषियों के विरुद्ध आईटी एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कंट्रोल रूम द्वारा सतत निगरानी
एसएसपी ने होलिका दहन के समय प्रत्येक दो घंटे के अंतराल पर कंट्रोल रूम द्वारा सूचना संकलित की जाएगी। संपूर्ण जनपद में 24×7 अलर्ट मोड़ में ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
