देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर ‘जेनी प्रकरण’ ने भूचाल ला दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने इस पूरे मामले में एक नया और सनसनीखेज मोड़ ला दिया है। वायरल वीडियो में खुद को ‘जेनी’ बताने वाली एक महिला ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा है कि लोग उसके नाम पर केवल गंदी राजनीति कर रहे हैं, लेकिन किसी ने यह जानने की कोशिश तक नहीं की कि असल में उसके साथ क्या हुआ था। इस नए घटनाक्रम के बाद से राज्य के राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी काफी बढ़ गई है।
उत्तराखंड के चर्चित जेनी प्रकरण में सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। वायरल वीडियो में एक महिला खुद को जेनी बताते हुए मामले को लेकर हो रही राजनीतिक बयानबाजी पर नाराजगी जाहिर कर रही है। महिला ने दावा किया है कि उसके साथ वर्ष 2003 में या उस दौरान जो कुछ हुआ, उसकी सच्चाई वह स्वयं जानती है और जल्द ही सबूतों के साथ सामने आएगी। उसने लोगों से एक दिन का समय मांगते हुए कहा है कि वह पूरे मामले पर अपना पक्ष प्रमाणों के साथ रखेगी। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में महिला कहती सुनाई दे रही है कि उसके नाम को लेकर राजनीति की जा रही है और अनावश्यक बातें फैलाकर माहौल खराब किया जा रहा है। उसका कहना है कि इतने वर्षों तक किसी ने यह जानने की कोशिश नहीं की कि उसके साथ वास्तव में क्या हुआ था, लेकिन अब उसके नाम पर तरह-तरह के आरोप और लांछन लगाए जा रहे हैं। महिला ने वीडियो में कहा, ”मेरे साथ क्या हुआ और क्या नहीं हुआ, यह मुझे ही पता है। आप लोगों ने मेरे नाम को लेकर गंदगी मचा रखी है और राजनीति कर रहे हैं।” उसने आगे कहा कि वह जल्द ही प्रमाणों के साथ लोगों के सामने आएगी और बताएगी कि वर्ष 2003 या उस समय के आसपास उसके साथ वास्तव में क्या हुआ था। वीडियो में महिला ने अपनी पहचान और मामले से जुड़े तथ्यों को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उसने कहा कि उसके बारे में जो बातें की जा रही हैं, उनकी सत्यता की जांच होनी चाहिए। साथ ही उसने लोगों से अपील की कि उसे एक दिन का समय दिया जाए, ताकि वह पूरे मामले को सबूतों के साथ स्पष्ट कर सके। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हालिया बयान के बाद जेनी प्रकरण राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी इस मामले को लेकर सवाल उठा चुके हैं। वहीं, कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत अपनी ओर से सफाई दे चुके हैं। अब महिला के कथित वीडियो के सामने आने के बाद इस प्रकरण ने एक बार फिर राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए दावों और महिला की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। ऐसे में सबकी निगाहें महिला के उस अगले बयान पर टिकी हैं, जिसमें उसने एक दिन के भीतर सबूतों के साथ पूरी सच्चाई सामने रखने की बात कही है।


