Qtv Punjabi

दीवाली पर सनसनीखेज वारदात: जमीन बेचकर लौट रहे व्यक्ति से 14 लाख की लूट, एक्टिवा सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

दीवाली पर सनसनीखेज वारदात: जमीन बेचकर लौट रहे व्यक्ति से 14 लाख की लूट, एक्टिवा सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

देहरादून। दीपावली के उल्लास और रोशनी के पर्व के बीच राजधानी देहरादून से कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाली एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। छोटी दीवाली की शाम को पटेलनगर क्षेत्र स्थित इंद्रेश अस्पताल के पास बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए जमीन के सौदे के 14 लाख रुपये से भरा थैला लूट लिया। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज लूटपाट और मारपीट की घटना ने न केवल आम नागरिकों को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

देहरादून में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब जमीन का सौदा कर नकदी लेकर लौट रहे लोग भी सुरक्षित नहीं हैं। छोटी दिवाली की शाम पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास बाइक और एक्टिवा सवार पांच-छह युवकों ने एक व्यक्ति का वाहन घेरकर मारपीट की और 14 लाख रुपये से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत पांच-छह लोगों के खिलाफ लूट और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रायवाला के हरिपुर कलां स्थित राणा कॉलोनी निवासी राजेश कुमार सोनी (45) शनिवार को पथरी बाग में एक प्लॉट का सौदा करने गए थे। वहां उन्होंने दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद लिए थे। इसके बाद वह अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ वाहन से वापस लौट रहे थे। दोपहर करीब 3:40 बजे जब उनका वाहन पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहा था, तभी पीछे से बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर आए पांच-छह युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने पहले वाहन को चारों तरफ से घेर लिया और उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान हमलावरों ने वाहन की पिछली सीट पर रखा 14 लाख रुपये से भरा थैला उठा लिया और तेजी से मौके से फरार हो गए। अचानक हुए हमले और लूट की वारदात से पीड़ित और उसके साथी घबरा गए। घटना के तुरंत बाद राजेश कुमार सोनी ने आपातकालीन नंबर 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में सिद्धांत बडोनी, कार्तिक भाटिया और दीपक सिंह शेखावत को नामजद किया है। इसके अलावा चार-पांच अन्य लोगों के भी वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है। राजेश के अनुसार, घटना के बाद अपने स्तर से जानकारी जुटाने पर इन लोगों के नाम सामने आए। पुलिस ने रविवार दोपहर पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कर ली। थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही नामजद आरोपियों और उनके संभावित साथियों की तलाश की जा रही है। छोटी दिवाली के दिन हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। जमीन के सौदे की रकम लेकर लौट रहे व्यक्ति को निशाना बनाए जाने से यह आशंका भी गहरा गई है कि हमलावरों को नकदी की जानकारी पहले से थी या नहीं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वारदात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। हालांकि, लूट के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *