Qtv Punjabi

आस्था, सेवा और संस्कृति का महाकुंभ: रुद्रपुर में 14 नवंबर से शुरू होगा श्री बालाजी धाम का 11 दिवसीय स्थापना दिवस महोत्सव

आस्था, सेवा और संस्कृति का महाकुंभ: रुद्रपुर में 14 नवंबर से शुरू होगा श्री बालाजी धाम का 11 दिवसीय स्थापना दिवस महोत्सव

रुद्रपुर। देवभूमि उत्तराखंड के तराई क्षेत्र का प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक शहर रुद्रपुर इन दिनों पूरी तरह से आध्यात्मिक रंग में रंगने को तैयार है। अवसर है श्री बालाजी धाम के स्थापना दिवस का, जिसे इस बार सामान्य आयोजनों से हटकर एक ऐतिहासिक और विशाल धार्मिक महाकुंभ के रूप में मनाने की तैयारी है। 14 नवंबर से शुरू होकर 24 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस 11 दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव की रूपरेखा को लेकर श्री बालाजी धाम परिवार एवं श्री बालाजी चैरिटेबल ट्रस्ट (रजि.) ने एक पत्रकार वार्ता में विस्तृत जानकारी साझा की है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह समाज सेवा, संस्कृति और एकता का एक अनूठा संगम भी बनने जा रहा है।

रुद्रपुर में भक्ति और आस्था का माहौल बनाने के लिए श्री बालाजी धाम परिवार एवं श्री बालाजी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 14 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक 11 दिवसीय स्थापना दिवस महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। आयोजन का मुख्य आकर्षण 24 नवंबर को प्रस्तावित श्री बालाजी धाम के भव्य मंदिर निर्माण का भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह रहेगा। इसी दिन विशाल भंडारे के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा। गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में ट्रस्ट पदाधिकारियों ने महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर शनिवार को दोपहर 2:15 बजे एलायंस कम्युनिटी हॉल से निशान यात्रा निकाली जाएगी। इसके अगले दिन 15 नवंबर को सुबह 10:15 बजे रक्तदान शिविर आयोजित होगा। 16 नवंबर को शाम 4:15 बजे सुंदरकांड पाठ होगा, जबकि 17 नवंबर को शाम 4:15 बजे एमिनिटी पब्लिक स्कूल से कलश यात्रा प्रारंभ होगी। इन आयोजनों में श्रद्धालुओं की भागीदारी के लिए विशेष तैयारी की जा रही है। महोत्सव के धार्मिक कार्यक्रमों की मुख्य कड़ी 18 से 24 नवंबर तक चलने वाला सात दिवसीय हनुमत एवं महा रुद्र यज्ञ होगा। इसमें पंचमुखी हनुमान जी के विभिन्न स्वरूपों का विधि-विधान से हवन और पूजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर को श्री हनुमान जी, 19 नवंबर को श्री नृसिंह जी, 20 नवंबर को श्री गरुड़ जी, 21 नवंबर को श्री वराह जी, 22 नवंबर को श्री हयग्रीव जी और 23 नवंबर को श्री महा रुद्र जी का यज्ञ संपन्न होगा। यज्ञ के अंतिम दिन 24 नवंबर को आवाहित देवताओं एवं हनुमत सहस्रनाम का यज्ञ कराया जाएगा। इसके बाद पूर्णाहुति होगी। यज्ञ प्रतिदिन सुबह 8:15 बजे से दोपहर 2:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। वहीं, पूरे महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 7:15 बजे महाआरती होगी, जिसमें श्रद्धालु शामिल होकर पूजा-अर्चना कर सकेंगे। ट्रस्ट पदाधिकारियों के अनुसार, 24 नवंबर का दिन आयोजन की दृष्टि से विशेष रहेगा। इस दिन श्री बालाजी धाम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा। पत्रकार वार्ता में विजय अरोरा, विजय भूषण गर्ग, भारत भूषण चुग, राजेंद्र सिधर, प्रवेश साहनी, चन्दरकांत अरोरा, नीरज बतरा, प्रीतम अरोरा, एसपीएस नेगी, प्रवीण सूरी, मुकेश घई, राहुल गुप्ता, अभिषेक कपूर, मोहित जिंदल, गोल्डी बेदी, मोनू राजपूत, संजीव भारद्वाज, रोहित हुड़िया, हर्ष जिंदल और आशु नागपाल सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी, ट्रस्टी एवं सेवादार मौजूद रहे। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं और शहरवासियों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *