Qtv Punjabi

रंजिश की आग में रक्षक बना भक्षक: रामनगर में बुजुर्ग महिला की हत्या के बाद बेटों के कत्ल की साजिश नाकाम

रंजिश की आग में रक्षक बना भक्षक: रामनगर में बुजुर्ग महिला की हत्या के बाद बेटों के कत्ल की साजिश नाकाम

रामनगर। जब देश की सीमाओं की रक्षा करने वाला एक सिपाही निजी रंजिश और बदले की आग में अंधा होकर कानून अपने हाथ में ले ले, तो यह समाज और व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन जाता है। नैनीताल जिले के रामनगर में 56 वर्षीय बुजुर्ग महिला विमला देवी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस द्वारा किया गया खुलासा रोंगटे खड़े कर देने वाला है। 12 नवंबर को नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता के माध्यम से इस जघन्य हत्याकांड की परतें खोलते हुए स्पष्ट किया कि किस तरह पुरानी रंजिश ने एक खौफनाक साजिश का रूप ले लिया और समय रहते पुलिस की मुस्तैदी ने एक पूरे परिवार का वंश खत्म होने से बचा लिया।

रामनगर क्षेत्र में 56 वर्षीय विमला देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश और पिता की हत्या का बदला लेने के इरादे से इस वारदात की साजिश रची गई थी। हत्याकांड में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी भारतीय सेना में कार्यरत जवान बताया गया है। पुलिस का दावा है कि विमला देवी की हत्या के बाद आरोपी उनके दोनों बेटों को भी मौत के घाट उतारने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कथित साजिश को अंजाम देने से पहले ही तीनों गिरफ्त में आ गए। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 10 नवंबर को आपात सेवा 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि रामनगर के किशनपुर छोई गांव में एक महिला का शव घर के बाहर पड़ा है। सूचना पर सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल और कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां 56 वर्षीय विमला देवी का शव मिला। महिला के सिर और शरीर पर चोटों के कई निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी सहित पुलिस की कई टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। फुटेज में तीन लोग विमला देवी को अपने साथ ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल, सैरान और मोहम्मद अब्बूजर को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी के अनुसार, हत्या के पीछे करीब तीन साल पुरानी रंजिश सामने आई है। मुख्य आरोपी मोहित के पिता गोविंद सिंह की हत्या हुई थी। इस मामले में विमला देवी के दोनों बेटों को आरोपी बनाया गया था और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस का कहना है कि इसी घटना को लेकर मोहित के मन में विमला देवी और उनके परिवार के प्रति रंजिश थी। आरोप है कि वह छुट्टियों में घर आने पर परिवार को परेशान करता और उनके साथ गाली-गलौज भी करता था। पुलिस के मुताबिक, मोहित ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विमला देवी और उनके दोनों बेटों की हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की, फिर उन्हें वाहन में डालकर धापला पुल की ओर ले गए। पुलिस के अनुसार, वहां महिला को पानी में डुबोया गया और उनके साथ दोबारा मारपीट की गई। इसके बाद शव को वापस लाकर घर के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल वाहन, लोहे की पान, लाठी-डंडे, पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मोहित फर्त्याल (32), सैरान (21) और मोहम्मद अब्बूजर (22) शामिल हैं। तीनों रामनगर क्षेत्र के निवासी हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस मामले में पुलिस का दावा है कि समय रहते गिरफ्तारी होने से विमला देवी के दोनों बेटों को निशाना बनाने की कथित योजना भी नाकाम हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *