रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए हमलावरों ने जिला अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर दिनदहाड़े एक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल परिसर में हुई इस वारदात से मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। घटना के बाद जिला अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार सहित तीन थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। मृतक की पहचान 30 वर्षीय राजकुमार उर्फ नितेश कुमार पुत्र कमलेश जौहरी के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा और आवास विकास इलाके में मोबाइल की अलग-अलग दुकानें हैं। दोनों दुकानों के संचालक दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति के बीच लंबे समय से व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा चली आ रही थी। इसी को लेकर शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस संघर्ष में चार लोग घायल हो गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए। मारपीट में घायल एक पक्ष के लोग शिकायत लेकर आवास विकास पुलिस चौकी पहुंचे थे। वहां से उन्हें चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोगों को भी इसकी जानकारी मिल गई। बताया जा रहा है कि इसके बाद 10 से 12 लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। इमरजेंसी गेट के पास दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और चाकू निकल आए। हमलावरों ने राजकुमार उर्फ नितेश कुमार को निशाना बनाते हुए उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को बचाने के लिए उपचार शुरू किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल परिसर में हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तीन थानों की पुलिस को बुलाकर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब एसपी सिटी घटना की जानकारी ले रहे थे और दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। पुलिसकर्मियों को उन्हें अलग करने और हालात नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद घायल एक पक्ष चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल पहुंचा था। वहां दूसरे पक्ष के 10 से 12 लोगों ने एकत्र होकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हमले में शामिल लोगों की पहचान और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इमरजेंसी गेट के सामने हुई इस वारदात ने सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां मरीज और तीमारदार जीवन बचाने की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहां दिनदहाड़े चाकुओं से हमला कर हत्या कर देना बेहद चिंताजनक है। अब पुलिस के सामने न केवल आरोपियों को पकड़ने, बल्कि विवाद की पूरी वजह सामने लाने और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवालों का जवाब देने की चुनौती है।



