मृतक दंपति छोटे भाई पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर उम्मेद सिंह दानू के घर से दिल्ली जाने को रोडवेज जा रहे थे पैदल
रुद्रपुर। रामपुर रोड पर अज्ञात वाहन ने दंपति को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेजा है। मृतक परिवार के लोग भी मोर्चरी पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक ग्राम हरमल थराली चमोली निवासी 67 वर्षीय
कलम सिंह दानू अपनी पत्नी हीरा देवी के साथ अपने छोटे भाई उम्मेद सिंह दानू के घर प्रीत विहार आए थे। बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह पांच बजे दंपति प्रीत विहार से दिल्ली जाने के लिए रोडवेज बस पकड़ने के लिए पैदल निकले थे। रामपुर रोड में यूआईआरडी के पास अज्ञात वाहन ने दोनों को रौंद दिया। घटना के बाद आरोपी चालक मय वाहन के मौके से भागने में सफल हो गया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक के छोटे भाई उम्मेद सिंह पुलिस विभाग से कुछ साल पहले ही इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत हुए हैं। वह यहां प्रीत विहार कालोनी में रहते हैं। मृतक के छोटे भाई उम्मेद सिंह दानू समेत अन्य परिवार के लोग भी मोर्चरी पहुंच गए। एसएसआई नवीन बुधानी ने बताया कि आरोपी चालक की मय वाहन के तलाश की जा रही है। फिलहाल आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।