
बुधवार रात को शिफ्ट छूटने के बाद स्कूटी से निकला था घर के लिए, फ्लाईओवर के पास हुआ हादसा
रुद्रपुर। थाना पंतनगर क्षेत्र में फ्लाईओवर के पास स्कूटी सवार फैक्ट्री कर्मी फ्लाईओवर के पास डिवाइडर पर लगे साइन बोर्ड पर जा गिरा। फैक्ट्री कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस के मुताबिक जनपद नैनीताल, लालकुआं के बिंदुखत्ता निवासी 42 वर्षीय गोविंद सिंह बिष्ट पुत्र राम सिंह सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता था। बुधवार रात उसकी शिफ्ट छूटने के बाद वह स्कूटी से घर को जाने लगा। रात 11 बजे के आसपास अचानक नैनीताल रोड पर बने फ्लाई ओवर के पास दौड़ते हुए जानवर आ गया। उससे बचने का प्रयास करने पर गोविंद सिंह की स्कूटी अनियंत्रित होकर रपट गई। इस दौरान गोविंद डिवाइडर पर लगे साइन बोर्ड पर जा गिरा। इससे साइन बोर्ड उसके सिने पर घुस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पंतनगर थानाध्यक्ष सुंदरम शर्मा पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही शव निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। फायर कर्मियों ने साइन बोर्ड को कटर से काटकर लाश निकाली। जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। गोविंद की मौत की खबर सुनते ही परिजन और रिश्तेदार गुरुवार सुबह रुद्रपुर मोर्चरी पहुंच गए। जहां उसकी लाश देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।