पीड़िता के परिजनों का आरोप स्थानीय पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई,बोल रही आरोपी दिखाई दे तो ले आना पकड़ कर
रुद्रपुर। जनपद के एक थाना क्षेत्र में एक किशोरी से छेड़छाड़ और दुष्कर्म करने के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। स्थानीय पुलिस से न्याय मिलने पर मामला एसपी सिटी के दरबार में पहुंचा। पीड़िता की मां ने एसपी सिटी को प्रार्थना पत्र भी दिया है। मामला पुलभट्टा क्षेत्र का बताया जा रहा है। गुरुवार दोपहर को एक महिला अपने रिश्तेदार के साथ पुलिस कार्यालय स्थित एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के पास पहुंची। महिला ने एसपी सिटी को बताया कि बुधवार को जंगल गई थी। घर पर उसकी 15 वर्षीय पुत्री अकेली थी। आरोप है कि जब वह घर पहुंची तो घर में पडौ़स रहने वाला एक युवक घर में था और पुत्री से छेड़छाड़ व जबरदस्ती करने की कोशिश कर रहा। उसे देख युवक घर से भाग गया। महिला ने बताया कि जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंची आरोप है कि वहां पर उसकी सुनवाई नहीं हुई और उसे यह कह कर वापस कर दिया,जब उक्त युवक दिखाई दे तो उसे पकड़ लेना और थाने ले आना। पीड़िता की मां ने एसपी सिटी से मदद की गुहार लगाते हुए युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी ने बताया कि संबंधित थाना पुलिस को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। बताया कि मामला गंभीर है। आरोपी की जल्दी गिरफ्तारी होगी,चाहे वह कहीं भी छिपा हो, पुलिस से बच नहीं पाएगा।