यूथ कांग्रेस ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध करते हुए देर रात तक दिया था धरना
रुद्रपुर। कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे हिरासत में बैठाने के बाद गौकशी तस्कर को संरक्षण देने के आरोपी कांग्रेसी नेता परवेज कुरैशी को छोड़ दिया। हालांकि कांग्रेसी नेता को हिरासत में लेने की जानकारी मिलने पर यूथ कांग्रेस ने रम्पुरा पुलिस चौकी पर धरना दिया था और धरना देर रात तक चला। मंगलवार दोपहर को भूतबंगला निवासी कांग्रेसी नेता परवेज कुरैशी को पुलिस ने हिरासत ले लिया। कांग्रेसी नेता को हिरासत में लेने की जानकारी कांग्रेस को मिली तो यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमितर भुल्लर के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता रम्पुरा पुलिस चौकी पहुंच गए और पुलिस की कार्रवाई के विरोध में धरने पर बैठ गए। पुलिस के अधिकारियों ने दो घंटे में छोड़ने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करा दिया था। इस दौरान यूथ कांग्रेस ने दो घंटे में नहीं छोड़ने पर दोबारा धरने पर बैठने की चेतावनी दी थी। बताया जा रहा है कि समय सीमा तय में नहीं छोड़ने पर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता दोबारा चौकी पर धरने पर बैठ गए। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। धरना देर रात तक चला। बाद में एसएसआई अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और जल्द ही छोड़ने का आश्वासन दिया। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष का कहना था कि पुलिस हिरासत में लेने का कारण बताए। अन्यथा छोड़ा जाए। पुलिस ने फिर सुबह को छोड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद यूथ कांग्रेस ने धरना समाप्त कर दिया। एसएसआई दीपक कौशिक ने बताया कि 110 जी समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई करते हुए परिजनों के सुपुर्द कर दिया। उन्होंने बताया कि कांग्रेसी नेता पर बरेली के गौकशी तस्कर को संरक्षण देने का आरोप है। पुलिस की जांच जारी है।