युवती की फोटो आपत्तिजनक तरीके से एडिट कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर और उसे ब्लैकमेल करने का मामला

पीड़िता की मां की तहरीर पर साईबर क्राईम पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, जांच में जुटी पुलिस

रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती की फोटो को आपत्तिजनक तरीके से एडिट कर सोशल मीडिया पर अपलोड करने और फर्जी आईडी बनाकर उसे ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। साईबर क्राईम पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी घर पर ही रहती है। उनकी बेटी ने सितंबर 2025 में इंस्टाग्राम पर अपनी एक आईडी बनाई थी। आरोप है कि 8 जनवरी 2026 को एक अज्ञात इंस्टाग्राम आईडी पर उनकी बेटी की फोटो को एडिट कर आपत्तिजनक तरीके से अपलोड किया गया। इसके साथ ही आरोपी ने बेटी के नाम से ही एक फर्जी प्रोफाइल भी बना ली है। महिला ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी बेटी के व्हाट्सएप नंबर पर अत्यंत अभद्र संदेश और एडिट की गई गंदी फोटो भेजी जा रही हैं। आरोपी पर युवती पर अन्य फोटो भेजने का दबाव बना जा रहा है और मांग पूरी न होने पर फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही है। युवती और उसका पूरा परिवार गहरे मानसिक तनाव और डर के साये में है। महिला ने साक्ष्यों के तौर पर स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस ने अज्ञात आईडी और मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और साईबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *