Qtv Punjabi 29 sep 2029: भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर एशिया कप 2025 का खिताब जीत लिया। रविवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान की पूरी टीम 19.1 ओवर में केवल 146 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 19.4 ओवर में पांच विकेट खोकर 150 रन बनाकर मैच जीत लिया। तिलक वर्मा ने जुझारू पारी खेलते हुए 53 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 69 रन बनाए।
भारत ने इससे पहले एशिया कप के ग्रुप चरण और सुपर चार चरण के मैच में पाकिस्तान को हराया था। भारत ने इस टीम के खिलाफ पहला मैच सात विकेट से जीता था, जबकि सुपर चार चरण का मैच छह विकेट से अपने नाम किया था। पड़ोसी देश की टीम को सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम ने लगातार तीसरे रविवार को शिकस्त दी।
रिंकू ने लगाया जीत का चौका
भारत के लिए जीत का चौका रिंकू सिंह ने लगाया। रिंकू के चौका लगाते ही ड्रेसिंग रूम में भारतीय सदस्य और मैदान पर दर्शक खुशी से झूम उठे। मुख्य कोच गौतम गंभीर भी अपना जोश नियंत्रण में नहीं रख सके। जूझारू पारी खेलने वाले तिलक ने खुशी में बल्ला लहराया और पाकिस्तान के खिलाड़ी एक बार फिर मुंह लटका कर खड़े रहे। भारत की पाकिस्तान पर इस टूर्नामेंट में यह लगातार तीसरी जीत है और सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम ने इस तरह पाकिस्तान के खिलाफ जीत की हैट्रिक लगा दी है।
भारत ने 8-0 किया रिकॉर्ड
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ बेदम नजर आई है। भारत के खिलाफ पिछले आठ मुकाबलों से पाकिस्तानी टीम का यही हाल रहा है। चाहे टी20 हो या वनडे, विश्व कप को हो या एशिया कप या चैंपियंस ट्रॉफी, पाकिस्तान की टीम भारत के आगे नहीं टिक सकी है। 2022 टी20 विश्व कप से शुरू हुआ ये सिलसिला ऐसे ही निरंतर जारी है और हर बार पाकिस्तानी टीम को भारत के खिलाफ मुंह की खानी पड़ी है। इस जीत के साथ ही यह एक बार फिर तय हो गया है कि पाकिस्तान की टीम भारत के आगे नहीं टिक पाती है।
पाकिस्तान के खिलाफ इस साल भारत ने जीत हैं सभी मैच
भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच सभी प्रारूपों में पिछले आठ मैचों में पाकिस्तान एक बार भी भारत को नहीं हरा पाया है। भारत ने एशिया कप के सुपर चार चरण में पाकिस्तान को छह विकेट से और ग्रुप चरण में सात विकेट से हराया। इससे पहले चैंपियंस ट्रॉफी में टीम ने छह विकेट से दर्ज की थी, जबकि पिछले साल टी20 विश्व कप में चिर प्रतिद्वंद्वी टीम को छह रन से शिकस्त दी थी। वनडे विश्व कप 2023 में भी पाकिस्तान को भारत से सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि इससे पहले एशिया कप 2023 में भारत ने 228 रनों से जीत दर्ज की थी। इतना ही नहीं टी20 विश्व कप 2022 में जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने थी तो भारत चार विकेट से इस मैच को अपने नाम करने में सफल रहा था। वहीं, अब एशिया कप के फाइनल में भी पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी है। इस साल दोनों टीमों के बीच यह चौथा मुकाबला था और भारतीय टीम ने चारों मैच अपने नाम किए हैं।
