साथी गंभीर, सूचना पर यूपी और रुद्रपुर पुलिस पहुंची, घटना की जानकारी लेने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा
रुद्रपुर। रेशमबाड़ी निवासी दो युवकों को खानपुर नई बस्ती बिलासपुर में बुलाकर राड और फंटी से हमला कर दिया। जिसमें दोनों घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर रुद्रपुर और यूपी बिलासपुर थाना पुलिस पहुंची और जानकारी ली। यूपी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। हादसे से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। यूपी की बिलासपुर पुलिस हत्यारोपितों की तलाश में जुट गई है। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने तीन नामजद समेत एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर रेशमबाड़ी निवासी 35 वर्षीय जांहगीर पुत्र आस मोहम्मद और हरीश चौहान पुत्र राजेंद्र सिंह को कुछ लोगों ने शुक्रवार रात उत्तर प्रदेश के जिला रामपुर, थाना बिलासपुर के ग्राम खानपुर नई बस्ती बुलाया था। इस पर दोनों वहां पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान वहां पर दो युवक आए और उन्होंने जांहगीर को फंटी और राड से पीटा। यह देख उसके साथी हरीश ने बीच बचाव किया तो उस पर भी हमला कर दिया । कुछ देर बाद वहां पर चार-पांच अन्य लोग भी आ गए। सभी ने मिलकर जांहगीर को बुरी तरह से पीटा। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपी फरार हो गए। इसका पता चलते ही जाहंगीर का भाई भोला स्कूटी से वहां पहुंच गया। घायल हालत में भोला ने जांहगीर और हरीश चौहान को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने जांहगीर को मृत घोषित कर दिया। पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया कि सूचना पर रुद्रपुर कोतवाल मनोज रतूड़ी, पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत पुलिस टीम के साथ पहुंचे और बिलासपुर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे बिलासपुर के रुद्रबिलासपुर चौकी प्रभारी अमित कुमार ने घायल से जानकारी ली। बाद में यूपी बिलासपुर थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस टीम ने जानकारी ली और हत्यारोपितों की तलाश शुरू कर दी है। यूपी पुलिस के अनुसार हत्या के कारणों की जांच की जा रही है, जल्द ही हत्यारोपितों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सूत्रों के पुलिस तीन नामजद समेत एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है। मृतक ट्रैक्टर ट्राली चालक था। उसकी बेटी है। मृतक दो भाई दो बहनों में सबसे बड़ा था।

