पुलिस जुटी हमलावरों की तलाश में, सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है,कई संदिग्ध हिरासत में
रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के पुत्र और आवास विकास रुद्रपुर के पार्षद सौरभ बेहड़ पर बाईक नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया गया। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली। साथ ही घायल सौरभ को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
किच्छा विधायक तिकलराज बेहड़ का परिवार आवास विकास रुद्रपुर में रहता है। उनका छोटा पुत्र सौरभ बेहड़ आवास विकास के पार्षद है। रविवार शाम को पूर्व में हुए विवाद के मामले में पंचायत के लिए सौरभ आवास विकास चौकी जा रहे थे। जब वह आवास विकास पहुंचे तो बाईक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उनके स्कूटी को लात मारकर पहले नीचे गिराया। इससे सौरभ सड़क पर गिर गए। आरोप है कि इसके बाद बाईक सवार बदमाशों ने उन पर बेरहमी से हमला किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपी फरार हो गए। इस पर किसी ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप मोहन पांडे के साथ ही किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत शहर के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। साथ ही सौरभ को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, सीओ सिटी प्रशांत कुमार अस्पताल पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी के पुलिस टीम को निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही। इधर घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में समर्थक अस्पताल पहुंचे। इसके साथ ही आवास पर भी लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है।

इंसेट
एसएसपी ने अस्पताल पहुंच घायल सौरभ से जानकारी ली
रुद्रपुर। किच्छा विधायक के पुत्र पर हमला होने की सूचना पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी हो। चाहे वह कितना बड़ा क्यों हो।
विधायक शिव और महापौर विकास भी पहुंचे

रुद्रपुर। किच्छा विधायक के पुत्र पर नकाबपोश बदमाशों द्वारा हमला करने की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोरा और महापौर विकास शर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि हमलावर चाहे कोई भी हो, कार्रवाई होनी चाहिए।
