Qtv Punjabi

रुद्रपुर नितेश जौहरी हत्याकांड के बाद प्रशासन का बड़ा कदम, सात मकानों पर चस्पा किए नोटिस,15 दिन में खाली करने का अल्टीमेटम

रुद्रपुर नितेश जौहरी हत्याकांड के बाद प्रशासन का बड़ा कदम, सात मकानों पर चस्पा किए नोटिस,15 दिन में खाली करने का अल्टीमेटम

रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। जिला अस्पताल परिसर में मोबाइल कारोबारी नितेश जौहरी की दिनदहाड़े चाकुओं से गोदकर की गई सनसनीखेज हत्या के बाद प्रशासन ने अपराधियों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपना लिया है। वारदात के 24 घंटे के भीतर ही नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ ‘बुलडोजर एक्शन’ की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार सुबह भारी पुलिस बल के साथ नगर निगम की टीम ने जगतपुरा क्षेत्र में स्थित आरोपियों से जुड़े सात मकानों पर ध्वस्तीकरण (गिराने) के नोटिस चस्पा कर दिए हैं। प्रशासन ने नजूल भूमि पर अवैध रूप से बने इन भवनों को खाली करने के लिए 15 दिनों की मोहलत दी है।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को जगतपुरा आवास विकास क्षेत्र में मोबाइल दुकानों की व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था। नितेश जौहरी और उनके भाई दिनेश जौहरी की दुकान के सामने स्थित दूसरे पक्ष (अमन प्रजापति) के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। शुक्रवार सुबह हुई मारपीट के बाद जब 36 वर्षीय व्यापारी नितेश जौहरी अपने घायल कर्मचारी का उपचार कराने जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे, तो हमलावरों ने अस्पताल परिसर में ही उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस नृशंस हत्याकांड के बाद परिजनों और व्यापारियों में भारी आक्रोश भड़क उठा था। परिजनों ने दोषियों की गिरफ्तारी और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग पूरी होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज 12 घंटे के भीतर पुलभट्टा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया। भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विकास के पैर में गोली लगी है। इसके साथ ही पुलिस ने आकाश कुमार और विनोद कुमार को भी दबोच लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश जारी है। शनिवार सुबह जब नगर निगम की टीम नोटिस चस्पा करने जगतपुरा पहुंची, तो मौके पर रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा भी पहुंचे। महापौर विकास शर्मा ने दो टूक कहा कि धामी सरकार में अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का पालन करते हुए पहले सातों अवैध मकानों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं और 15 दिन बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विधायक शिव अरोरा ने भी पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से हरसंभव आर्थिक सहायता और न्याय दिलाने का भरोसा दोहराया। प्रशासन की इस ठोस कार्रवाई और नोटिस चस्पा होने के बाद मृतक नितेश जौहरी के भाई ने संतुष्टि व्यक्त की है और कहा है कि अब परिवार जल्द ही नितेश का अंतिम संस्कार करेगा। दूसरी ओर, इस कार्रवाई ने उन मकानों में रह रहे किरायेदारों के सामने अचानक बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। किरायेदारों का कहना है कि उन्होंने विधिवत पुलिस सत्यापन कराया हुआ है, लेकिन अचानक घर खाली करने के फरमान से उनके परिवार और बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से सामान शिफ्ट करने के लिए अतिरिक्त समय की गुहार लगाई है। फिलहाल, एसपी सिटी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *