Qtv Punjabi

देवभूमि में महिलाओं की सुरक्षा और न्याय पर उठे गंभीर सवाल: नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार को घेरा,अंकिता प्रकरण और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर तीखा हमला

देवभूमि में महिलाओं की सुरक्षा और न्याय पर उठे गंभीर सवाल: नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार को घेरा,अंकिता प्रकरण और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर तीखा हमला

रुद्रपुर। उत्तराखंड जैसे शांत और सुसंस्कृत पर्वतीय राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है। रुद्रपुर में एक प्रेसवार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए आंकड़े प्रस्तुत किए और कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देने वाली इस सरकार के कार्यकाल में महिला अपराधों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। विपक्ष के इन तीखे तेवरों ने न केवल राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है, बल्कि राज्य की प्रशासनिक और नैतिक सुचिता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रदेश में महिला सुरक्षा, अंकिता भंडारी प्रकरण और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में महिला अपराधों के सर्वाधिक मामले दर्ज हुए हैं। आर्य ने कहा कि महिला अपराधों के साथ-साथ लूट, चोरी, डकैती और हत्या जैसी घटनाएं भी प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। रुद्रपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान यशपाल आर्य ने महिला सुरक्षा से जुड़े आंकड़ों का हवाला देते हुए सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय हैं। सरकार को केवल नारे देने के बजाय महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की बेटियों को सुरक्षा और न्याय दिलाने के मामले में सरकार अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है। अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस मामले में अब तक न्याय की मांग लगातार उठ रही है। उनके अनुसार अंकिता के माता-पिता के साथ कांग्रेस और प्रदेश की जनता भी न्याय की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि परिवार को अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए दिल्ली के राजघाट पर धरना देने तक के लिए मजबूर होना पड़ा। आर्य ने आरोप लगाया कि प्रदेश और केंद्र सरकार इस मामले में पीड़ित परिवार को संतोषजनक न्याय दिलाने में विफल रही हैं। उन्होंने एक संदिग्ध भाजपा नेता को संवैधानिक पद दिए जाने का आरोप लगाते हुए सिक्किम के राज्यपाल पद का उल्लेख किया। आर्य ने यह भी आरोप लगाया कि अंकिता प्रकरण से जनता का ध्यान हटाने के लिए 23 वर्ष पुराने मामले को सामने लाया जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि अंकिता प्रकरण से जुड़े सवालों का स्पष्ट और पारदर्शी जवाब दिया जाए। नेता प्रतिपक्ष ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंत्री के पति की ओर से पिछले दस वर्षों में 210 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। आर्य के मुताबिक, इस मामले में मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को इस मामले में निष्पक्ष जांच कराकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। आर्य ने पूर्व कैबिनेट मंत्री पर आरोप लगाने वाली महिला को सरकार का संरक्षण मिलने का दावा भी किया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग मामलों में सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। हालांकि, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्षों और सरकार का पक्ष सामने आना भी जरूरी है। यशपाल आर्य ने कहा कि महिला सुरक्षा, अंकिता भंडारी प्रकरण और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष इन सवालों को जनता के बीच उठाता रहेगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, ममता हालदार, संदीप चीमा, गणेश उपाध्याय, योगेश चौहान और दिनेश पंत सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *