Qtv Punjabi

रफ्तार का कहर: अनियंत्रित ट्राले ने बाइक सवारों को रौंदा, एक युवक की दर्दनाक मौत से पसरा मातम

रफ्तार का कहर: अनियंत्रित ट्राले ने बाइक सवारों को रौंदा, एक युवक की दर्दनाक मौत से पसरा मातम

रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे गया। मंगलवार दोपहर काशीपुर रोड पर एक तेज रफ्तार 16 टायरा ट्राले ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस अप्रत्याशित और भीषण हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल पहुंचे परिजनों की चीख-पुकार से हर किसी का दिल पसीज उठा।

रुद्रपुर शहर की काशीपुर रोड पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। तेज रफ्तार 16 टायरा ट्राले ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय युवक प्रताप की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पिता का शव देखकर उसका पुत्र बेसुध हो गया। परिवार की चीख-पुकार से घटनास्थल और जिला चिकित्सालय का माहौल गमगीन हो गया। जानकारी के अनुसार सुभाष कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय प्रताप मंगलवार दोपहर अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल संख्या यूके 06 बीएम 8025 से किसी काम से जा रहा था। दोनों काशीपुर मार्ग पर पहुंचे ही थे कि इसी दौरान एक 16 टायरा ट्राले ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रताप को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी का उपचार शुरू किया गया। प्रताप की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन अस्पताल पहुंच गए। अपने जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता का शव देखकर पुत्र बेसुध हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक और ट्राले को कब्जे में ले लिया है। वहीं मृतक प्रताप के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। काशीपुर रोड पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एक पल की दुर्घटना ने परिवार से उसका सहारा छीन लिया। पुलिस फरार चालक की तलाश और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *