Qtv Punjabi

ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान को बड़ी सफलता: हल्द्वानी में 64.80 लाख रुपये की स्मैक के साथ कुख्यात तस्कर गिरफ्तार

ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान को बड़ी सफलता: हल्द्वानी में 64.80 लाख रुपये की स्मैक के साथ कुख्यात तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी। उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के तहत नैनीताल पुलिस ने मादक पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ एक बार फिर बड़ा प्रहार किया है। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान को मजबूती देते हुए एसओजी और कोतवाली हल्द्वानी की संयुक्त पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ एक शातिर तस्कर को धर दबोचा है। पकड़ी गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 64 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है। इस बड़ी कार्रवाई से नशा तस्करों के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के बीच नैनीताल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 216 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद स्मैक की कीमत करीब 64 लाख 80 हजार रुपये आंकी है। आरोपी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी में बेचने के लिए पहुंचा था। एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मंडी क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी गेट के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को मुख्यमंत्री के ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत नशा तस्करों पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता और एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में मंडी क्षेत्र में संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पीडब्ल्यूडी गेट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश कुमार (30) पुत्र ईश्वरी प्रसाद निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का कारोबार करता है। पैसों के लालच में वह अपने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी लाया था। पुलिस अब उस व्यक्ति की भूमिका और नशे की खेप से जुड़े अन्य संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हिमाचल प्रदेश में भी एनडीपीएस अधिनियम के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, टीपी नगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार तथा एसओजी के हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और भानू ओली शामिल रहे। पुलिस की इस सफलता पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। बुलंदशहर से हल्द्वानी तक पहुंची स्मैक की खेप ने एक बार फिर साफ किया है कि नशे के अवैध कारोबार का नेटवर्क दूसरे राज्यों तक फैला हो सकता है। ऐसे में केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उन्हें नशा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों और पूरे नेटवर्क तक पहुंचना भी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है।

=

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *