Qtv Punjabi

देहरादून में 24 घंटे के भीतर चौथी हत्या से दहशत, बसंत विहार में 55 वर्षीय सलीम का शव मिलने से मचा हड़कंप

देहरादून में 24 घंटे के भीतर चौथी हत्या से दहशत, बसंत विहार में 55 वर्षीय सलीम का शव मिलने से मचा हड़कंप

देहरादून। उत्तराखंड की शांत और सुरक्षित मानी जाने वाली राजधानी देहरादून में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा 24 घंटे के भीतर सामने आई हत्या की चौथी घटना से लगाया जा सकता है। लगातार हो रही वारदातों ने शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ताजा मामला बसंत विहार थाना क्षेत्र के चोरखला का है, जहां मस्जिद के पास 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सलीम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने चोरखला क्षेत्र में मस्जिद के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया तो मृतक की दाईं आंख पर चोट का निशान दिखाई दिया। इस संदिग्ध परिस्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की, ताकि मौत के कारणों और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस मृतक की पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि से संबंधित जानकारियां जुटाने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सलीम की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। राजधानी में महज 24 घंटे के भीतर हत्या की चार घटनाएं सामने आने से पुलिस व्यवस्था और शहर की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस के सामने इन वारदातों का खुलासा करने और अपराधियों तक पहुंचने की बड़ी चुनौती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *