हिंदूवादी संगठनों के प्रदर्शन के बाद पुलिस की कार्रवाई हुई, विवेचना थाना ट्रांजिट कैंप की महिला एसआई नेहा ध्यानी करेंगी
रुद्रपुर। पुलिस ने नजम से शिवम् बना युवक को गिरफ्तार कर उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी। युवक पर नाम बदल कर युवती को फंसाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक छत्तीसगढ़ की युवती पिछले दो माह से अपनी दादी के साथ भूरारानी क्षेत्र में रह कर बैंक में नौकरी कर रही थी। बीते दिनों दादी का स्वास्थ्य खराब होने पर वह दादी को दिल्ली से छत्तीसगढ़ के लिए ट्रेन पंर बैठाने गई । दादी तो घर पहुंच गई पर युवती दिल्ली में लव जिहाद का शिकार हो गयी। एक सप्ताह पूर्व युवती ने अपनी दादी को फ़ोन कर उसे बचाने की गुहार लगाई। जिस पर युवती के दादा,दादी और ताऊ रुद्रपुर पहुंच गए। यहां उनकी मुलाकात बजरंग दल नेताओं से हुई तो उनके प्रयास से युवती को मुक्त करवा लिया गया। पुलिस से शिकायत पर शनिवार को जांच अधिकारी एसआई नेहा राणा युवती को मेडिकल के लिए साथ ले गयी। परिजनों के मुताबिक जांच अधिकारी के साथ जाते समय युवती अपना आधार सहित अन्य दस्तावेज स्वयं लेकर गयी थी। जब वह तीन घंटे के बाद वापस आयी तो उसके इरादे बदले थे। परिजनों ने युवती को युवक के साथ बैठा कर उनको बाहर कर साजिश रची। जिस पर शनिवार रात ही हिंदूवादी संगठन के लोग कोतवाली पहुंच गए। रात को हंगामे के बाद रविवार दोपहर कोतवाली पहुंच फिर धरना दे हंगामा किया। एसएसआई नवीन बुधानी से लंबी वार्ता के बाद पुलिस ने जांच अधिकारी बदलने का भरोसा दिलाया। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी युवक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली। एसएसआई नवीन बुधानी ने बताया कि नजम पुत्र मजहर हुसैन निवासी मोहल्ला अल्ली खां काशीपुर के खिलाफ मुकदमा कर उच्चाधिकारियों के आदेश पर जांच ट्रांजिट कैम्प थाने की महिला एसआई नेहा ध्यानी को सौंप दी है। इस दौरान प्रदर्शन करने वालो में जिला मंत्री विहिप राजेन्द्र मेहरा, हिंदूवादी संगठन नेता बिट्टू शर्मा, नगर संयोजक योगेंद्र चौहान, राजू कोहली, अंकित, अजय पाल, गौरक्षा विभाग जिला संयोजक हरीश यादव, गौरव मिश्रा आदि मौजूद थे।
