रुद्रपुर में स्वदेशी दिवाली मेले का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ आगाज

रुद्रपुर में स्वदेशी दिवाली मेले का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ आगाज

गांधी पार्क में सजे 300 से अधिक स्टॉल, रंगारंग कार्यक्रमों ने बांधा समा

रुद्रपुर। नगर निगम की ओर से गांधी पार्क में आयोजित उत्तराखंड के पहले ‘स्वदेशी दिवाली मेले’ का मंगलवार शाम रंगारंग कार्यक्रमों के बीच शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि डीएम नितिन भदौरिया, महापौर विकास शर्मा एवं नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। अतिथियों ने वहां प्रदर्शित स्वदेशी उत्पादों की जानकारी ली।शुभारंभ अवसर पर भव्य मंच पर रंग-बिरंगी रोशनियों के बीच विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। धार्मिक और लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले बच्चों को मंच पर सम्मानित किया गया। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि पुलिस प्रशासन,व्यापार मंडल और नगर निगम के सामूहिक सहयोग से यह ऐतिहासिक आयोजन संभव हो सका है। उन्होंने विशेष रूप से जिलाधिकारी का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में नगर निगम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच को धरातल पर उतारने का कार्य कर रहा है। दिवाली के अवसर पर हर साल छोटे कारोबारी मुख्य बाजारों में फड़ लगाकर व्यापार करने को मजबूर होते थे, जिससे अव्यवस्था और ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होती थी। लेकिन इस बार गांधी पार्क में मेला आयोजित होने से एक ओर जहां व्यवस्थित बाजार उपलब्ध होगा, वहीं जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि दुकानों का आवंटन पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया गया है ताकि छोटे व्यापारी सम्मानपूर्वक व्यापार कर सकें।नगर निगम आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए छोटे कारोबारियों को सशक्त बनाने पर जोर दे रहा है। वेंडिंग जोन विकसित करने के साथ-साथ पीएम स्वनिधि योजना से हजारों छोटे व्यापारी लाभान्वित हो रहे हैं। डीएम ने मेले की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलता है, बल्कि छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्राप्त होता है।गांधी पार्क में मेला लगाने से ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ने वाला दबाव कम होगा। मेले में करीब 300 दुकानें लग चुकी है कुछ और आवेदन मिले हैं उनके लिए भी गांधी पार्क में व्यवस्था की है। स्वदेशी अपनाने की थीम पर आधारित यह मेला 21 अक्टूबर तक चलेगा और शहरवासियों को स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।
कार्यक्रम का संचालन सुधीर दास ने किया। इस मौके पर उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडेय, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल,भाजपा नेता सुरेश कोली, सिटी मिशन मैनेजर मनोज कर्नाटक, पार्षद चिराग कालरा, पारस चुघ आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *