शीतलहर के दृष्टिगत सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों,चौराहों एवं रेन बसेरों में अलाव समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं नियमित रूप से संचालित की जाएं
रुदपुर। कड़ाके की ठंड के मद्देनज़र राज्य सरकार द्वारा ज़रूरतमंदों के लिए चलाए जा रहे राहत कार्यों के तहत गुरुवार रात उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण विनय रुहेला ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाला जी मंदिर, आदर्श कॉलोनी, रेन बसेरा, बाटा चौक एवं भगत सिंह चौक सहित कई स्थानों पर जरूरतमंद, निराश्रित एवं सड़क किनारे जीवनयापन कर रहे लोगों को ठंड से बचाव हेतु कंबलों का वितरण किया तथा अलाव की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान रुहेला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीतलहर के दृष्टिगत सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, चौराहों एवं रेन बसेरों में अलाव और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं नियमित रूप से संचालित की जाएं, ताकि किसी भी व्यक्ति को ठंड के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जरूरतमंदों तक समय रहते सहायता पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के हर जरूरतमंद नागरिक की चिंता कर रही है। सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कड़ाके की ठंड के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि न हो और इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ मैदान में उतरकर राहत कार्यों को अंजाम दे रहा है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं कोई असहाय व्यक्ति ठंड से प्रभावित दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इस दौरान मेयर विकास शर्मा, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, तहसीलदार दिनेश कुटोला, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल आदि मौजूद रहे।
