Qtv Punjabi

हरिद्वार में सनसनी: आईबी एसपी सीपी नौटियाल पर चालक ने चलाई गोली, ऋषिकेश एम्स में भर्ती,आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार में सनसनी: आईबी एसपी सीपी नौटियाल पर चालक ने चलाई गोली, ऋषिकेश एम्स में भर्ती,आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में शनिवार को उस समय सनसनी और अफरा-तफरी मच गई, जब इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर तैनात सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक ने कथित तौर पर गोली चला दी। गोली एसपी के माथे के पास से निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल अधिकारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है और मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

जानकारी के मुताबिक, आईबी के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात एसपी सीपी नौटियाल और उनके चालक विनोद नेगी के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर नाराजगी चल रही थी। इसी विवाद के चलते चालक ने कथित तौर पर अधिकारी पर गोली चला दी। गोली माथे के पास से गुजरने के कारण अधिकारी घायल हो गए। अचानक हुई फायरिंग से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिकारी को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक विनोद नेगी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी हिरासत से एक पिस्टल और एक तमंचा बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में उसका कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। हालांकि, पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह और हथियारों से जुड़े पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने बताया कि चालक ने अपने अधिकारी पर गोली चलाई है। आरोपी अस्थायी चालक के रूप में कार्यरत था। उसकी कस्टडी से एक पिस्टल और एक तमंचा बरामद हुआ है। घायल अधिकारी को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है और फिलहाल उनकी स्थिति ठीक है। एसएसपी ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। फायरिंग के पीछे क्या कारण था और आरोपी ने इस घटना को क्यों अंजाम दिया, इसका पता विस्तृत पूछताछ के बाद ही चल सकेगा। गौरतलब है कि शनिवार को ही हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हुआ। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली से कई मंत्री, सांसद, विधायक तथा अन्य विशिष्ट व्यक्ति पहुंचे थे। शहर में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही और विशिष्ट व्यक्तियों की मौजूदगी के बीच आईबी अधिकारी पर फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। अधिकारी पर गोली चलाने के पीछे व्यक्तिगत विवाद था या कोई अन्य कारण, यह आरोपी से पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *