पुलिस कार्यालय में आयोजित क्राईम बैठक में अधिकारियों को अपने-अपने कार्यों के प्रति और अधिक जवाबदेह एवं सतर्क रहने के दिए निर्देश,एसएसपी ने ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 29 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया
रुद्रपुर। रविवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने अधीनस्थों को अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान रखने को निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व माह की अपराध गोष्ठी में दिए गए दिशा-निर्देशों की समीक्षा की और उनके अनुपालन की स्थिति का आंकलन भी किया। इस दौरान एसएसपी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यों के प्रति और अधिक जवाबदेह एवं सतर्क रहने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि क्षेत्र में मादक पदार्थ के रोकथाम को पुलिस कार्रवाई करने में कोताही न बरतें। समीक्षा बैठक में पुलिस कर्मियों से उनकी व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी ली और त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। एसएसपी ने ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 29 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। बैठक में एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी, एसपी सिटी डॉ उत्तम सिंह नेगी, एसपी काशीपुर स्वप्न सिंह,सीओ सिटी प्रशांत कुमार,सीओ पंतनगर डीआर वर्मा,शहर कोतवाल मनोज रतूड़ी, कोतवाल कुंडा विक्रम राठौर, गदरपुर कोतवाल संजय पाठक, किच्छा कोतवाल प्रकाश दानू पीआरओ निरीक्षक धीरेंद्र कुमार, पेशकार निरीक्षक बसंती आर्या आदि मौजूद रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दिए इन बिंदुओं पर निर्देश:
प्रत्येक थाने में बीट पुलिसिंग को सुदृढ़ करते हुए ई बीट बुक/एप्लीकेशन का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा सभी विवरण समय से अपलोड किए जाएं।
ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के अंतर्गत अपराधियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई करते हुए प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए।
इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीमों का गठन कर अभियान चलाया जाए।
NBW/BW वारंटियों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करते हुए वारंटियों की गिरफ्तारी को विशेष अभियान संचालित किया जाए।
सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में किरायेदार सत्यापन अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखें।
एफएसएल में लंबित मालों की सूची तैयार कर उनके शीघ्र परीक्षण हेतु आवश्यक पत्राचार किया जाए।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन चेकिंग एवं चालान की कार्रवाई में वृद्धि की जाए।
फायर स्टेशन के साथ समन्वय स्थापित कर होटल, रिजॉर्ट, बैंक्वेट हॉल एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थलों पर फायर ऑडिट एवं जागरूकता अभियान संचालित किया जाए।
मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करते हुए ड्रग्स/स्मैक तस्करों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।
साइबर अपराधों में त्वरित अभियोग पंजीकरण एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
लंबित विवेचनाओं एवं शिकायती प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण करते हुए सभी पोर्टलों पर शत-प्रतिशत कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
एसएसपी ने निर्देशित किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जनपद को अपराधमुक्त बनाने हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।
