एसएसपी के निर्देशन में पुलिस का जनपद में फ्लैग मार्च
रुद्रपुर। दिल्ली की घटना के बाद पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड से मिले निर्देशों के अनुपालन में जनपद में पुलिस हाई अलर्ट हो गई। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जनपद पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा है और जनपद के समस्त अन्तर्राजीय, अन्तर्जनपदीय सीमा बैरियर प्वाईंट्स पर आने-जाने वाले वाहनों एवं व्यक्तियों की सघन चैकिंग के साथ ही बस स्टेशन, होटल, धर्मशालाओं, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढाई गई है। बम डिस्पोजल की टीमों भी लगातार चेकिंग कर रही है।
12 नवम्बर 2025 को देर शाम को जनपद में संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने फ्लैग मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिया। फ्लैग मार्च से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैली भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न देने, बिना सोचे समझे किसी भी पोस्ट को अग्रसारित करने से बचने के साथ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना नजदीकी थाने या डायल 112 पर देने की अपील की गयी। उधर जिला मुख्यालय पर भी एसपी सिटी डॉ उत्तम सिंह नेगी और सीओ सिटी प्रशांत कुमार के पर्यवेक्षण में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में रुद्रपुर कोतवाली, ट्रांजिट कैंप थाना समेत अन्य थानों की पुलिस शामिल रही। सीओ पंतनगर डीआर वर्मा भी शामिल रहे।

